समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में अगले महीने 12 सीटों पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए रविवार को 6 और सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। पार्टी ने रामपुर सीट से आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं घोसी सीट से सुधाकर सिंह, माणिकपुर से निर्भय सिंह पटेल, जैदपुर से गौरव कुमार रावत, जलालपुर से सुभाष राय और प्रतापगढ़ से बृजेश वर्मा पटेल को उम्मीदवार बनाया है।
सपा अब तक 12 में से सात सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। शुक्रवार को उसने लखनऊ छावनी क्षेत्र से मेजर आशीष चतुर्वेदी तथा सम्राट विकास को कानपुर की गोविन्द नगर सीट से उम्मीदवार बनाने की घोषणा की थी। सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन होगा। नामांकन पत्रों की जांच मंगलवार को होगी। तीन अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
मतदान 21 अक्टूबर को होगा जबकि वोटज्ञें की गिनती और उसके बाद नतीजों का एलान 24 अक्टूबर को किया जाएगा। प्रदेश की गंगोह, रामपुर, इगलास, लखनऊ छावनी, गोविंदनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर, जलालपुर और बलहा सीटें इन पर चुने गए विधायकों के इस साल लोकसभा चुनाव जीतने के बाद रिक्त हुई हैं। इसके अलावा घोसी सीट यहां से विधायक रहे फागू चौहान के बिहार का राज्यपाल बनाए जाने के बाद उनके इस्तीफे के कारण खाली हुई है।


Download Android App
Download iOS App



