समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 56 और उम्मीदवारों के नाम की सूची जारी कर दी। सपा द्वारा जारी सूची के मुताबिक बसपा छोड़कर पार्टी में शामिल हुए वरिष्ठ नेता राम अचल राजभर और लालजी वर्मा को क्रमशः अकबरपुर और कटेहरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी को बलिया की बांसडीह सीट से तथा विनय तिवारी को चिल्लू पार सीट से टिकट दिया गया है।
इस सूची में गैर यादव ओबीसी नेताओं को दिया गया खास तवज्जो
नई सूची में 10 मुस्लिम और इतने ही यादवों का नाम है। एक दिन पहले ही सपा ने 39 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। इसमें केवल तीन यादव और एक मुस्लिम को ही टिकट दिया गया था। इस सूची में गैर यादव ओबीसी नेताओं को खास तवज्जो दी गई है। सपा के वरिष्ठ नेता रहे बेनी प्रसाद वर्मा के बेटे पूर्व मंत्री राकेश वर्मा को बाराबंकी की कुर्सी सीट से सपा का टिकट दिया गया है। वहीं, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप को बाराबंकी की दरियाबाद और फरीद महफूज किदवई को रामनगर सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है।
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) January 27, 2022
403 में से 254 सीटों पर SP ने घोषित किए उम्मीदवार
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय को सिद्धार्थनगर की इटवा सीट से टिकट दिया गया है जबकि पूर्व विधायक अभय सिंह को अयोध्या जिले की गोसाईगंज सीट और पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव को जौनपुर की मल्हनी सीट से सपा का उम्मीदवार बनाया गया है। यह समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों की तीसरी सूची है। पार्टी प्रदेश विधानसभा की 403 में से अब तक 254 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



