5 फीट के अल्ताफ ने ढाई फीट ऊंची टोंटी से कैसे लगाई फांसी? सामने आया मौत के बाद का वीडियो

Summary :

अल्ताफ की संदिग्ध मौत के मामले पर हो रही राजनीति के बीच एक वीडियो सामने आया है। वीडियो तब का है जब सुसाइड के बाद अल्ताफ को जब पहली बार देखा गया था है।

कासगंज जिले में पुलिस हिरासत में अल्ताफ की संदिग्ध मौत के मामले पर हो रही राजनीति के बीच एक वीडियो सामने आया है। वीडियो तब का है जब सुसाइड के बाद अल्ताफ को जब पहली बार देखा गया था है। वीडियो में अल्ताफ शौचालय में लेटे हुए अवस्था में टोंटी से बंधा नजर आ रहा है और उसके गले में एक डोरी बंधी हुई है। 
पुलिस की थ्‍योरी पर 3 बड़े सवाल?
वहीं अल्‍ताफ की मौत को लेकर यूपी पुलिस की थ्‍योरी पर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अल्‍ताफ ने अपने जैकेट की टोपी में लगी डोरी से फंदा बनाकर बाथरूम के नल से खुद को फांसी लगा ली। पुलिस की यह थ्‍योरी तीन बड़े सवाल को जन्म दे रही है। 
पहला सवाल : 5 फीट 6 इंच लंबे अल्‍ताफ ने फर्श से ढाई फीट की ऊंचाई पर लगी टोंटी से लटककर फांसी कैसे लगा ली? 
दूसरा सवाल : क्या टोंटी अल्ताफ का वजन सह सकती थी?
तीसरा सवाल : क्या जैकेट की टोपी में लगी डोरी इतनी मजबूत थी कि वह अल्ताफ का वजन सह गई, वो भी बिना टूटे? 
अल्ताफ की मौत पर विपक्ष की राजनीति
अल्ताफ की मौत पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी समेत तमाम विपक्षी दल उत्तर प्रदेश पुलिस और योगी सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज अल्ताफ के परिजनों से मिलने कासगंज जा सकती हैं। गुरुवार को कांग्रेस के नेताओं का एक दल पीड़ित परिवार के घर पहुंचा था। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद भी गांव नगला सैय्यद में मृतक अल्ताफ के घर पहुंचे।  
कौन था अल्ताफ? 
22 वर्षीय अल्‍ताफ टाइल्‍स लगाने का काम करता था। उसके पिता का नाम चांद मियां और मां का नाम शबनम है। अल्‍ताफ पिछले दिनों जिस घर में टाइल्‍स लगा रहा था वहां से एक नाबालिग लड़की गायब हो गई। कहा जा रहा है कि लड़की के घरवालों ने अल्‍ताफ पर उसे गायब करने का आरोप लगाया। 
उन्‍होंने पुलिस से शिकायत की तो पुलिस सोमवार की रात करीब आठ बजे अल्‍ताफ को उसके घर उठा लाई। उस समय पुलिस ने घरवालों से अल्‍ताफ को पूछताछ करके छोड़ देने की बात कही थी लेकिन अगले दिन खबर आई कि थाने में अल्‍ताफ ने खुदकुशी कर ली है। 

Desk Team