वेब सीरीज ‘तांडव’ पर शुरू हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। अमेज़न प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगा है। जगह-जगह से इस सीरीज का विरोध हो रहा है। इस बीच अयोध्या के संत ‘तांडव’ के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। तपस्वी छावनी के महंत परमहंस दास ने वेब सीरीज पर प्रतिबंध लगाने और अभिनेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा, “वेब सीरीज में भगवान राम और भगवान शिव का अपमान किया गया है। यह हिंदू धर्म का अपमान है। मैं मुस्लिम मौलवियों से पूछना चाहता हूं कि वह कैसी प्रतिक्रिया देते अगर उनके धर्म को निशाना बनाया जाता। वे हर मौके पर फतवे जारी करते हैं, अब वे चुप क्यों हैं?”
‘तांडव’ वेब सीरीज विवाद को लेकर लखनऊ से मुंबई रवाना हुई UP पुलिस की टीम
महंत परमहंस दास ने आगे कहा कि मुस्लिम अभिनेता पैसे कमाने के लिए हिंदू धर्म का अपमान कर रहे हैं। मुस्लिम धर्मगुरुओं को अली अब्बास जफर जैसे फिल्म निर्माताओं के लिए दिशानिर्देश जारी करने चाहिए। हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास ने कहा कि ‘तांडव’ ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ है और ‘सनातन धर्म’ का उपहास करना अनुचित है।
उन्होंने कहा, “क्या इस सीरीज के अभिनेता इस तरह से अन्य धर्मों का अपमान करने का जोखिम उठा सकते हैं? वेब सीरीज पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और जिन्होंने इसे बनाया है उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं की जाती है, तो अयोध्या के संत अपने तांडव की शुरुआत करेंगे।”


Download Android App
Download iOS App



