सीतापुर जनपद के सिधौली ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले संविलियन विद्यालय सैदापुर में छात्राओं की पिटाई का एक गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर में खड़ी शिक्षिका किरण दीक्षित की कार का शीशा 1 अगस्त 2026 को अंजलि, अनामिका, प्रियांशी, अराधना और राधिका नामक छात्राओं द्वारा खोले जाने पर शिक्षिका भड़क उठी थीं। आरोप है कि उन्होंने छात्राओं को न केवल डाटा बल्कि उनके साथ मारपीट भी की।
शिक्षिका को दोषी पाया
इस घटना की शिकायत छात्राओं, उनके परिजनों संतोष कुमार, सरबेश सिंह, श्यामू, रश्मिलता और विद्यालय के अन्य स्टाफ द्वारा लिखित रूप से की गई। मामले की स्थलीय जांच खंड शिक्षा अधिकारी, वि0ख0-सिधौली द्वारा की गई, जिनकी जांच आख्या के आधार पर शिक्षिका को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। शिक्षिका का यह कृत्य उनके पदीय दायित्वों के विरुद्ध, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और निःशुल्क एवं बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम-2009 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया।
तत्काल प्रभाव से निलंबित
इस आधार पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद कर्मचारी वर्ग नियमावली 1973 तथा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक नियम के तहत शिक्षिका किरण दीक्षित को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए पिसावां के खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जिन्हें एक माह के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्ट जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।



Download Android App
Download iOS App




