उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के अकबरपुर के नेहरू नगर में किराएदार सिपाही के पति ने मकान मालिक सभासद की पत्नी व उसके 2 बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने आज कहा कि आसपास के लोगों ने आनन फानन में आग बुझाई और भागने का प्रयास कर रहे आरोपी का पीछा किया। इस बीच वह ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया, वहीं अस्पताल में गंभीर रूप से झुलसे दोनों बच्चों की रविवार को देर रात मौत हो गई। पुलिस ने घटना की पड़ताल शुरू की है। सभाद की पत्नी की हालत गंभीर है।
अकबरपुर कोतवाली के पास नेहरू नगर में सभासद जीतेन्द्र यादव की पत्नी अर्चना, 4 वर्षीय बेटी अक्षिता व डेढ़ वर्षीय बेटा हनु के साथ रहते हैं। उनके मकान में कोतवाली में तैनात महिला सिपाही उषा किरायेदार हैं और वो अपने पति अवनीश के साथ रहती है। रविवार देर रात अवनीश ने मकान मालिक की पत्नी अर्चना व दोनों बच्चों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। तीनों की चीखपुकार सुन कर दूसरे कमरे से जीतेन्द्र व आसपास के लोग भी एकत्र हुए। उन पर कंबल डालकर आग बुझाई गई।
इस बीच भागने का प्रयास कर रहे अवनीश को लोगों ने पकड़ने का प्रयास किया लेकिन भागने के प्रयास में वो एक ट्रक की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी मानसिक तनाव में था। उसकी पत्नी महिला सिपाही से भी अकबरपुर कोतवाली में पूछताछ की गई है।


Download Android App
Download iOS App



