नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतु माहेश्वरी ने कहा है कि सुपरटेक के दो अवैध टावरों को ढहाने की तैयारी की बृहस्पतिवार को समीक्षा की गयी और उन्हें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 अगस्त को दोपहर बाद ढाई बजे गिराया जाएगा।
एक आदेश के अनुसार नोएडा पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 26 से 31 अगस्त तक उपनगर के आसमान में ड्रोनों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है।
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय राम बदन सिंह ने बताया कि 26 अगस्त से 31 अगस्त तक ड्रोन संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ध्वस्तीकरण के समय नोएडा एक्सप्रेसवे को भी कुछ देर के लिए बंद किया जाएगा।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यातायात पुलिस ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। पुलिस ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए छह क्रेन और भारी संख्या में यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के अंतर्गत आने वाला नोएडा प्राधिकरण यहां सेक्टर 93 में करीब 100 मीटर ऊंचे इन ढांचों को ढहाये जाने के काम पर नजर रख रहा है।
माहेश्वरी एमराल्ड कोर्ट गयीं और उन्होंने स्थानीय रेसीडेंट समूहों समेत संबंधित पक्षों एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ बैठक की।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने कहा, ‘‘ यह बैठक इन टावरों को सुरक्षित ढंग से गिराने की तैयारी, उसके तकनीकी पहलुओं आदि का जायजा लेने के लिए थी।’’


Download Android App
Download iOS App



