बुलंदशहर में साधुओं की हत्या पर CM योगी से बोले उद्धव ठाकरे-हमारी तरह लें कड़ा एक्शन

Summary :

शिवसेना सांसद संजय राउत ने मांग करते हुए कहा कि बुलंदशहर में साधुओं की हत्या के मामले को धार्मिक रंग नहीं देना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की मांग की। बता दें कि पालघर लिंचिंग को लेकर CM योगी ने उद्धव ठाकरे को फोन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाई करने को कहा था।
उद्धव ठाकरे ने योगी आदित्यनाथ से फोन अपील करते हुए कहा कि हमें साथ मिलकर ऐसे मामलों में कड़ा एक्शन लेना चाहिए और राजनीति को इससे दूर रखना चाहिए। उद्धव की ओर से कहा गया कि जिस तरह हमने पालघर मामले के बाद कड़ा एक्शन लिया, आप भी उसी तरह कड़ा एक्शन लें। ऐसी अमानवीय घटना घटती है तब राजनीति न करके हमें एक साथ काम करते हुए अपराधियों को दंडित करवाना चाहिए।


वहीं शिवसेना सांसद संजय राउत ने मांग करते हुए कहा कि बुलंदशहर में साधुओं की हत्या के मामले को धार्मिक रंग नहीं देना चाहिए। राउत ने ट्वीट कर लिखा, भयानक! बुलंदशहर, यूपी के एक मंदिर में दो साधुओं की हत्या, लेकिन मैं सभी से अपील करता हूं कि वे इसे सांप्रदायिक न बनाएं, जिस तरह से कुछ लोगों ने पालघर मामले में करने की कोशिश की।


गौरतलब है कि बुलंदशहर के नूपशहर कोतवाली के गांव पगोना में स्थित शिव मंदिर के परिसर में सोमवार देर रात दो साधुओं की धारदार हथियारों से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो उन्हें साधुओं के खून से लथपथ शव पड़े मिले। इस हत्या के बाद ग्रामीणों में काफी रोष है। 

इस वारदात के बाद मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। हालांकि अभी घटना के पीछे कारण का पता नहीं चल सका है। फिलहाल ग्रामीणों ने एक युवक पर शक जताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Desk Team