उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना ने ली 329 लोगों की जान, 18125 नए मरीजों की पुष्टि

Summary :

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 329 और लोगों की मौत हो गई तथा 18125 नए मरीजों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने कोरोना महामारी का प्रसार रोकने के लिए कई कदम उठाएं है, लेकिन फिर भी राज्य में कोरोना की चेन फिलहाल टूटती हुई नहीं दिख रही है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 329 और लोगों की मौत हो गई तथा 18125 नए मरीजों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। 
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोविड-19 संक्रमित 329 और लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16372 हो गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 18125 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके साथ प्रदेश में अब तक 15 लाख 63 हजार 238 मरीज संक्रमित हो चुके हैं और इनमें से 13 लाख 40 हजार 251 मरीज ठीक भी हो गए हैं। प्रसाद ने बताया कि पिछले 11 दिनों के दौरान प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के उपचाराधीन मामलों में एक लाख चार हजार की कमी आई है और राज्य में इस वक्त इस बीमारी से उबरने का प्रतिशत 85.7 हो गया है।
उन्होंने बताया कि गत 30 अप्रैल को प्रदेश में तीन लाख 10 हजार उपचाराधीन मामले थे जो अब घटकर दो लाख छह हजार 615 हो गए हैं। अपर मुख्य सचिव ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में दो लाख 45 हजार से ज्यादा नमूनों की कोविड जांच की गई है। राज्य में अब तक चार करोड़ 36 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की जा चुकी है।

Desk Team