उत्तर प्रदेश के बलिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने राज्य सरकार से शराब बिक्री की अनुमति देने के अपने फैसले की समीक्षा करने का आग्रह करते हुए बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। गौरतलब हो कि इससे पहले साक्षी महाराज और भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी भी सरकार से शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर चुके हैं।
विधायक सुरेंद्र सिंह ने बिहार सरकार का उदाहरण देते हुए कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए लिए लोगों की जिंदगी के साथ समझौता करना सही नहीं है। उत्तर प्रदेश को भी शराबबंदी की घोषणा करनी चाहिए जैसे बिहार सरकार ने की है।
विधायक ने कहा कि शराब की बिक्री के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना एक असंभव काम था और जब कोरोना संकट खत्म नहीं हुआ है तो शराब की दुकानों को लॉकडाउन के दौरान नहीं खोला जाना चाहिए था।
उन्होंने कहा, राज्य सरकार राजस्व संग्रह के लिए अन्य स्रोतों के बारे में सोच सकती है और शराब की बिक्री उनमें से एक नहीं होनी चाहिए। शराब की बिक्री न केवल व्यक्तियों के स्वास्थ्य, बल्कि समाज के स्वास्थ्य को भी खतरे में डालेगी।
इससे पहले, भाजपा के सांसद सत्यदेव पचौरी और साक्षी महाराज ने बंद के दौरान शराब की बिक्री पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि इससे महामारी को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।


Download Android App
Download iOS App



