उतर प्रदेश के सहारनपुर जिले में उत्कल एक्सप्रेस में बम रखा होने की सूचना मिलते ही सहारनपुर के टपरी स्टेशन पर रेल को रोककर तलाशी ली गई। हालांकि ट्रेन में कोई विस्फोटक नहीं मिला और सूचना देने वाले को हिरासत में ले लिया गया है। रेल में बम होने की खबर फैलते ही रेल यात्रियों में हडकम्प मच गया।
सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (शहर) विनीत भटनागर के मुताबिक हरिद्वार से पुरी जा रही उत्कल एक्सप्रेस जब सहारनपुर और टपरी के बीच थी तभी रेल में ही सवार जैकब नामक यात्री ने रेलवे के सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी कि चलती गाड़ी मे कुछ लोगों ने बम फिट किया है जिसकी वीडियो रिकार्डिंग उसके मोबाइल में है लेकिन मोबाइल का लॉक लग जाने के कारण वह वीडियो दिखा नहीं सकता। जैकब की बात को गम्भीरता से लेते हुए सुरक्षाकर्मियों ने इसकी सूचना रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
सहारनपुर स्टेशन पर ही आरपीएफ, स्थानीय पुलिस, जीआरपी और बम निरोधक दस्ते के जवान गाड़ी में सवार हो गए। टपरी मे रेल को रोककर वहां सघन तलाशी अभियान चलाया गया। दो घंटे तक चले सघन अभियान के तहत उत्कल एक्सप्रेस को पूरी तरह खंगाला गया लेकिन कोई विस्फोटक नहीं मिला।
भटनागर ने बताया कि इस दौरान इस रूट से गुजरने वाली सभी गाडियों को आउटर पर ही रोक दिया गया। झूठी खबर देने वाले जैकब को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है। उत्कल एक्सप्रेस में बम की सूचना से जहां शताब्दी सहित कई बडी गाडियों को रोकना पड़ा, वहीं रेल मार्ग भी घंटों बाधित रहा जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने जैकब को हिरासत में ले लिया है जिसके बारे मे जांच पड़ताल की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



