उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और यहां किसी भी प्रकार का खेला नहीं हो पाएगा। समाजवादी पार्टी नेता के ‘खेला होई’ नारे के सवाल पर सिद्धार्थ नाथ सिंह ने सर्किट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वे सम्प्रदायिकता का खेल खेलते हैं और फिर से वही खेल खेलना चाहते हैं।
परंतु उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और यहां किसी का खेल नहीं चलेगा। 2022 में हम फिर से चुनाव जीतेंगे।’’ नए कृषि कानून पर हो रहे विरोध प्रदर्शन के सवाल पर सिंह ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास कर रही है।
केंद्र सरकार इस मुद्दे पर बातचीत के जरिये रास्ता निकाल लेगी। कोविड-19 महामारी की संभावित तीसरी लहर के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इससे निपटने की तैयारी चल रही है। हम आने वाले नए वैरियंट (वायरस के प्रकार) से लड़ने को तैयार हैं। धर्मांतरण के मुद्दे पर सिंह ने कहा कि सरकार इसपर सख्त है।
धर्मांतरण में लिप्त लोगों पर सरकार सख्त करवाई करेगी। धर्मांतरण एक सुनियोजित साजिश है जिसके तार विदेशों तक जुड़े हैं। जांच एजेंसियां जांच कर रही हैं, इससे जुड़े लोगों पर सख्त करवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



