युपी के विधानसभा चुनाव की कदमताल के चलते चुनाव आयोग ने विधान परिषद की रिक्त होने वाली सीटों पर भी चुनाव कराने की तारीख घोषित कर दी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला की ओर से जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 35 स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्रों के 36 सदस्यों का कार्यकाल आगामी सात मार्च को पूरा होने से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी। इन निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव कराने के लिये सीईओ कार्यालय ने दो चरण में मतदान कराने का फैसला किया है।
तीन मार्च को होगा पहले चरण का मतदान
इसके तहत मथुरा-एटा-मैनपुरी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र से दो सदस्य तथा शेष 34 क्षेत्रों से एक एक सदस्य का चुनाव होना है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 29 निर्वाचन क्षेत्रों के 30 सदस्यों के चुनाव के लिये पहले चरण में तीन मार्च को मतदान कराया जायेगा। इसके लिये चार फरवरी को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी।
नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 फरवरी
वहीं, छह अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के लिये सात मार्च को होने वाले मतदान की अधिसूचना 10 फरवरी को जारी की जायेगी। पहले चरण के चुनाव के लिये नामांकन की अंतिम तिथि 11 फरवरी तथा दूसरे चरण के लिये 17 फरवरी नियत की गयी है। नामांकन पत्रों की जांच 14 फरवरी (पहले चरण) और 18 फरवरी (दूसरे चरण) को होगी। पहले चरण के चुनाव के लिये नाम वापसी की अंतिम तिथि 16 फरवरी और दूसरे चरण के लिये 21 फरवरी होगी।
आठ बजे तक होगा मतदान
पहले चरण के लिये मतदान तीन मार्च और दूसरे चरण का मतदान सात मार्च को होगा। दोनों चरण के लिये मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित किया गया है। दोनों चरण के मतदान के बाद मतगणना 12 मार्च को होगी। गौरतलब है कि इस चुनाव में स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधि मतदान करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



