उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर उसके तीन सदस्यों को सहारनपुर में गिरफ्तार किया और लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य की स्मैक बरामद की।
सहारनपुर के ही रहने वाले हैं सभी आरोपी
एसटीएफ के सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले कुछ लोग बरेली जिले से स्मैक लेकर देवबंद थाना क्षेत्र के सांपला रोड तिराहे के पास एक ट्रक से आने वाले हैं। इस सूचना पर एसटीएफ और सहारनपुर पुलिस ने दबिश देकर तीन तस्करों जॉनी उर्फ जावेद, तौहीद और सुरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि पकड़े गये तस्करों के पास से दो किलोग्राम 220 ग्राम स्मैक बरामद की गयी है, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में दो करोड़ रुपये बतायी जाती है। पकड़े गए सभी आरोपी सहारनपुर के ही रहने वाले हैं।सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में एसटीएफ को बताया है कि वे बरेली निवासी अशफाक से स्मैक लाकर सहारनपुर जिले में बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों के विरूद्ध सहारनपुर के देवबन्द थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



