कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपराध की कुछ हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य में जंगलराज बढ़ता जा रहा है, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार दिखावे के लिए तबादले के अलावा कुछ नहीं कर रही है। प्रियंका ने यह सवाल भी किया कि क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खबरें देखना छोड़ दिया है?
उन्होंने गोरखपुर एवं कुछ अन्य जिलों में अपराध की घटनाओं से जुड़ी खबरें शेयर करते हुए ट्वीट किया, ‘‘क्या उत्तर प्रदेश के मुखिया ने खबरें देखना छोड़ दिया है? क्या गृह विभाग में बैठे लोगों के सामने ये खबरें नहीं जाती? उप्र में हर दिन गुंडाराज के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘मुख्यमंत्री के गृहक्षेत्र (गोरखपुर) में अपहरण की घटना घटी है। कासगंज में हत्याकांड। लेकिन दिखावे के लिए कुछ तबादलों के अलावा और कुछ होता ही नहीं है। जंगलराज बढ़ता जा रहा है।’’
बता दें कि गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में अपह्रत किये गये एक छात्र का पुलिस ने सोमवार को शव बरामद किया। पुलिस ने बताया कि पांचवी कक्षा के छात्र बलराम गुप्ता (14) के पिता महाजन गुप्ता की परचून और पान की दुकान है। बच्चे का अपहरण रविवार को हुआ था और उसके बाद परिवार को फिरौती के लिये फोन आया था।
महाजन गुप्ता ने बताया, ‘‘रविवार की दोपहर बाद उनका बेटा बलराम गुप्ता खाना खाने के बाद घर के बाहर खेलने गया था। शाम को मेरे पास एक अनजान नंबर से फोन आया और मुझसे बच्चे के बदले एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गयी। मैने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।’’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार गुप्ता ने सोमवार को बताया कि जैसे ही इस घटना की जानकारी मिली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये अपहरणकर्ताओं को रविवार की रात गिरफ्तार कर लिया था।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान अपहरणकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने बच्चे को रात को ही मार दिया था और उनसे मिली जानकारी के अनुसार बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। एसएसपी के मुताबिक बच्चा दोपहर बाद से गायब था और उसके पिता ने पुलिस को इस बारे में शाम को जानकारी दी थी।
इस बीच लखनऊ में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में कई संदिग्ध व्यक्तियों को लेकर पूछताछ की गयी थी।दयानंद राजभर नामक व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने बताया कि बच्चे को मार दिया गया है। उसकी निशानदेही पर केवटिया टोला नाले से एक बोरे में शव बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि दयानंद से पूछताछ जारी है। इस घटना में तीन-चार अन्य लोग भी शामिल हैं। इन लोगों की तलाश जारी है।


Download Android App
Download iOS App



