अब गायों के लिए भूसा जुटाएंगे शिक्षक! बरेली के सरकारी स्कूलों में फरमान जारी, भड़के टीचर्स

Summary :

UP Teachers Asked to Collect Fodder: उत्तर प्रदेश के बरेली में शिक्षा विभाग का एक लेटर काफी वायरल हो रहा है। इस लेटर ने सरकारी शिक्षकों को हैरान और आक्रोशित कर दिया है। एक तरफ जहां पहले सरकारी शिक्षक जनगणना की ड्यूटी में दिन-रात लगे हुए हैं, अब उन्हें सड़क पर घूमने वाले गोवंश (गायों) के लिए भूसा इकट्ठा करने और ‘दान’ करने की जिम्मेदारी दी गई है। 100-100 क्विंटल भूसा इकठ्ठा करने की जिम्मेदारी बरेली के जिलाधिकारी के आदेश का हवाला देते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने बरेली के सभी प्राथमिक विद्यालयों और खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को…

UP Teachers Asked to Collect Fodder: उत्तर प्रदेश के बरेली में शिक्षा विभाग का एक लेटर काफी वायरल हो रहा है। इस लेटर ने सरकारी शिक्षकों को हैरान और आक्रोशित कर दिया है। एक तरफ जहां पहले सरकारी शिक्षक जनगणना की ड्यूटी में दिन-रात लगे हुए हैं, अब उन्हें सड़क पर घूमने वाले गोवंश (गायों) के लिए भूसा इकट्ठा करने और ‘दान’ करने की जिम्मेदारी दी गई है।

100-100 क्विंटल भूसा इकठ्ठा करने की जिम्मेदारी

बरेली के जिलाधिकारी के आदेश का हवाला देते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने बरेली के सभी प्राथमिक विद्यालयों और खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को कड़े दिशानिर्देश जारी किए हैं। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी की तरफ से बेसिक शिक्षा विभाग को कुल 1500 क्विंटल भूसा इकठ्ठा करने का लक्ष्य दिया गया है। इसके बाद बीएसए ने जिले के 15 खंड शिक्षा अधिकारियों को 100-100 क्विंटल भूसा इकठ्ठा करने की जिम्मेदारी दी है। योजना के अनुसार, हर स्कूल से करीब 46 किलों भूसा देने के लिए कहा गया है, ताकि निर्धारित समय में लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।

Bareilly Education Department: इस आदेश से शिक्षकों में नाराजगी

नवाबगंज ब्लॉक से जारी पत्र के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गरमा गया है। वायरल लेटर में शिक्षकों से भूसा दान में सहयोग करने को कहा है। जैसे ही यह लेटर व्हाट्सऐप ग्रुपों में पहुंचा, शिक्षकों की नाराजगी सामने आने लगी। कई शिक्षकों का कहना है कि उनका काम बच्चों को पढ़ाना है, लेकिन लगातार गैर शैक्षणिक कार्यों का बोझ बढ़ता जा रहा है।

शिक्षकों का कहना है कि पहले से ही उनके ऊपर चुनाव ड्यूटी, जनगणना, सर्वे, पोर्टल फीडिंग और दूसरी सरकारी जिम्मेदारियां रहती हैं। अब भूसा इकठ्ठा करने का काम भी जोड़ दिया गया है। कई शिक्षकों ने यह भी कहा कि गांवों के स्कूलों में पहले से ही स्टाफ की कमी है और ऐसे आदेशों से पढ़ाई प्रभावित होती है।

Bareilly Viral Letter: जारी किए गए आदेश में क्या लिखा था?

UP Teachers Asked to Collect Fodder
UP Teachers Asked to Collect Fodder (Image- Social Media)

बरेली के खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) द्वारा जारी लेटर ने शिक्षकों के बीच भारी असंतोष पैदा कर दिया है। इस लेटर में लक्ष्य पूरा न होने पर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई और जवाब-तलब की चेतावनी दी गई थी। हालांकि, मामला गरमाने के बाद विभाग ने आधिकारिक तौर पर किसी भी दंडात्मक कार्रवाई से इनकार किया है। शिक्षक सत्येंद्र पाल सिंह का कहना है कि शिक्षकों को उनके मूल कर्तव्य से हटाकर जनगणना और एसआईआर (SIR) जैसे गैर-शैक्षणिक कामों में लगाया जा रहा है।

दूसरी ओर, मीरगंज बीईओ अवनीश कुमार ने स्पष्ट किया कि यह केवल निराश्रित गायों के लिए ‘भूसा दान’ की एक अपील थी। इसमें ऐसा नहीं है कि अगर भूसा दान नहीं करेंगे तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नवाबगंज बीईओ ने इसे गलती बताते हुए कहा कि कार्रवाई वाली बात ‘गलती’ से लिखी गई थी, जिसका खंडन कर दिया गया है। दान न देने पर किसी भी शिक्षक पर कार्रवाई नहीं की जाएगी।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।