उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी सरकार का दूसरा शपथ ग्रहण समारोह 25 मार्च को होने वाला है। राजधानी लखनऊ इकाना स्टेडियम में योगी समेत अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। योगी सरकार 2.0 के मंत्रिमंडल में महिलाओं और युवाओं को खास तवज्जो मिलेगी। कई मायनों में शपथ ग्रहण समारोह खास होगा।
शपथ समारोह में PM हो सकते हैं शामिल
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, संघ और बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। इकाना स्टेडियम में प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर योगी की पार्टी नेतृत्व के साथ मंत्रणा हो चुकी है। यूपी में सरकार गठन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को क्रमश: पर्यवेक्षक व सह पर्यवेक्षक बनाया गया। शपथ लेने वाले मंत्रियों की सूची को मुख्यमंत्री के गोरखपुर से लखनऊ पहुंचने पर अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
विपक्षी दलों के शीर्ष नेता भी होंगे आमंत्रित
योगी मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण समारोह में बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। इन लाभार्थियों में महिलाओं की भी पर्याप्त भागीदारी होगी।
2024 को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल का गठन
पांच राज्यों में से चार राज्यों में मिली बंपर जीत के बाद आगामी लोकसभा चुनाव (2024) को ध्यान में रखकर योगी मंत्रिमंडल का गठन होगा। पुराने के साथ नए चेहरों को भी तरजीह दी जााएगी। सूत्रों के अनुसार ज्यादातर नाम तय किए जा चुके हैं। संगठन में रहकर बेहतर काम करने वालों को अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इस बार महिलाओं ने जाति-धर्म से ऊपर उठकर सुरक्षा और सुशासन के मुद्दे पर भाजपा की जीत में अहम भूमिका निभाई है, लिहाजा मंत्रिमंडल में महिलाओं को खास तवज्जो मिलेगी। कुछ युवा और चर्चित चेहरे भी मंत्रिमंडल में शामिल किए जा सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह में करीब कई हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसमें दो सौ वीवीआईपी अतिथियों की सूची तैयार की गई है।


Download Android App
Download iOS App



