भारतीय जनता पार्टी के वयोवृद्ध नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का इलाज लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के ‘क्रिटिकल केयर मेडिसिन’ के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में जारी है। इसी के मद्देनजर एक बार फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसजीपीजीआई पहुंचकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनका हाल जाना।
राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह (89) लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती हैं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है। एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना के साथ पूर्व मुख्यमंत्री की कुशलक्षेम पूछने एसजीपीजीआई पहुंचे। योगी ने उपचार में लगी चिकित्सकों की टीम से भी चर्चा की और कल्याण सिंह का हालचाल जाना।
संस्थान द्वारा शनिवार को जारी बुलेटिन में बताया गया, ‘‘सिंह की स्थिति बेहतर है और उनके स्वास्थ्य में निरंतर सुधार हो रहा हैं। हृदय रोग, तंत्रिका रोग, मधुमेह रोग और गुर्दा रोग विशेषज्ञों समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में लगी है। विशेषज्ञ महत्वपूर्ण मापदंडों और उनकी दैनिक जांच पर नजर रख रहे हैं।’’ संस्थान के निदेशक प्रो. आर के धीमान स्वयं उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।
सिंह को गत 21 जून को अनियंत्रित रक्त शर्करा और रक्तचाप आदि की शिकायत के बाद लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। तीन जुलाई की रात रक्तचाप अत्यधिक बढ़ने के कारण सिंह को हल्का दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद चार जुलाई को उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया था।


Download Android App
Download iOS App



