कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्र संघ को भंग किये जाने का विरोध करने वाले एनएसयूआई के एक नेता के निलंबन को लेकर मंगलवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि आखिर जनता द्वारा चुनकर आयी सरकार छात्रों के चुनाव और उनकी आवाज से डरती क्यों है?
प्रियंका ने ट्वीट किया, “इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ को भंग करने के खिलाफ आवाज उठाने पर एनएसयूआई से छात्रसंघ उपाध्यक्ष अखिलेश यादव को प्रशासन ने निलंबित करके ब्लैक लिस्ट कर दिया है।” उन्होंने पूछा, ”भाजपा सरकार तो खुद चुनकर आयी है। मगर छात्रों के चुनाव और उनकी आवाज से इतना डरती क्यों है? यह तानाशाही नहीं तो क्या है?”

खबरों के मुताबिक विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में अराजकता फैलाने और अभद्र व्यवहार के आरोप में छात्र नेता अखिलेश यादव को निलंबित किया है, हालांकि एनएसयूआई का दावा है कि छात्र संघ को भंग करने का विरोध करने के कारण यादव को सजा दी गई है।


Download Android App
Download iOS App



