यूपी: ओवैसी का चुनावी हमला, बोले- भाजपा-सपा एक ही थाली के चट्टे-बट्टे, योगी और अखिलेश बिछड़े हुए दो भाई

Summary :

असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी को एक ही थैली का चट़टा-बट़टा बताते हुए कहा कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव दो बिछड़े हुये भाई हैं और दोनों की मानसिकता एक है।

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावी घमासान में आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी को एक ही थैली का चट़टा-बट़टा बताते हुए कहा कि मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव दो बिछड़े हुये भाई हैं और दोनों की मानसिकता एक है। 
जालौन से गरजे ओवैसी  
शुक्रवार को जालौन जिले के माधवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, ‘‘योगी-अखिलेश, दोनों की मानसिकता एक है, दोनों लोग क्रूर और अहंकार में डूबे हुए हैं, यह अपने आप को नेता नहीं बल्कि बादशाह सलामत समझते हैं।” 
अब इन्हें हटाकर घर पर बैठाना है 
ओवैसी ने योगी पर हमला बोलते हुए कहा कि राजनीति में जो बादशाह बन जाता है, उसको हटाना जरूरी है, अब इन्हें हटाकर घर पर बैठाना है। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश पर भी हमला बोला कहा कि एक को सैफई तो दूसरे को गोरखपुर में वास भेजना है। आवैसी ने कहा कि यदि इनको घर पर नहीं बैठाया तो यूपी के दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, मजलूम गरीबों का कभी भी भला नहीं होगा। 
भाजपा को मुगल के साथ पाकिस्तान भी याद आता है 
भाजपा पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने कहा कि वोट लेने के लिए भाजपा के लोग मुगलों को हराने की बात करते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुगल मर गए हैं, उनकी हड्डियां भी गल गई हैं, लेकिन चुनाव में ये मुगलों को लेकर आ जाते हैं, भाजपा को मुगल के साथ पाकिस्तान भी याद आता है, ऐसा ही हाल अखिलेश का है,वह बोलते-बोलते जिन्ना पर आ जाते हैं।’’ 
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लिया और कहा कि मोदी तीन तलाक की बात करते हैं, लेकिन इस बार भाजपा और सपा को तलाक तलाक तलाक देना है, कुल मिलाकर इन सबका किस्सा खत्म हो जायेगा।जालौन में तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होगा।

Desk Team