विधानसभा चुनावों में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद बीजेपी ने एक बार फिर सत्ता की कुर्सी पर बैठने की तैयारियां शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। वहीं योगी होली के बाद पुनः मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत कर सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक सीएम योगी आदित्यनाथ कल यानी रविवार को दिल्ली का दौरा करने वाले हैं। इस दौरान वह पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। वहीं होली के बाद यूपी में बीजेपी की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना।
नई विधानसभा के गठन तक कार्यवाहक CM बने रहेंगे योगी
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सीएम योगी ने कैबिनेट बैठक के बाद इस्तीफा सौंपा। हालांकि जब तक नई विधानसभा का गठन नहीं हो जाता तब तक वह केयरटेकर सीएम के तौर पर बने रहेंगे।
दिल्ली में लगेगी अन्य मंत्रियों के नाम पर मुहर
योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़े गए चुनाव में मिली जीत से उनके नाम पर पहले ही मुहर लग चुकी है। अब विधायक दल की बैठक में नेता चुनने की औपचारिकता पूरी की जाएगी। माना जा रहा है कि दिल्ली में योगी के दौरे के दौरान अन्य मंत्रियों के नाम पर मुहर लगेगी।
यूपी में बीजेपी गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की है। बीजेपी ने अकेले 255 सीटों पर जीत दर्ज की है। उसके गठबंधन सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) को 12 और निषाद पार्टी को छह सीटें मिली हैं। 37 साल बाद प्रदेश में कोई सरकार रिपीट हुई और योगी दोबारा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



