टीका लगवाने के लिए योगी सरकार ने शुरू की नई कवायद, जानिए कैसे आएगी टीकाकरण अभियान में तेजी

Summary :

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने प्रदेश में टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए एक नई योजना को सामने रखा है। यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार अब लोगों को टीका लगवाने का आग्रह करते हुए निमंत्रण पर्ची भेजेगी।

देश में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार अब धीरे-धीरे सुस्त हो रही है, ऐसे में देश में सुस्त टीकाकरण को गति देने के लिए कई राज्य सरकारें अपने-अपने स्तर पर नई योजनाओं को सामने लेकर आ रही है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने प्रदेश में टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए एक नई योजना को सामने रखा है। 
यूपी में योगी आदित्यनाथ सरकार अब लोगों को टीका लगवाने का आग्रह करते हुए निमंत्रण पर्ची भेजेगी। बता दें कि आमंत्रण पर्ची पर टीकाकरण की तिथि और स्थान लिखा होगा। सूत्रों के अनुसार, टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए ग्राम प्रधान, राजस्व अधिकारी, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक और पंचायत अधिकारी इस पहल में सहयोग करेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार ने जुलाई से प्रतिदिन 10 लाख से अधिक टीकाकरण का लक्ष्य रखा है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि ये लक्ष्य हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की पैठ इस तरह से सुनिश्चित की जाएगी कि लक्ष्य हासिल करने के लिए सभी टीमें समूहों में पहुंचेंगी। मोबाइल टीमों के अलावा, अस्पतालों, आरोग्य और स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य भवनों में स्थिर टीकाकरण केंद्र भी अभियान का हिस्सा होंगे।

Desk Team