उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के 19 सितंबर को ढाई साल पूरे हो रहे हैं और इस अवसर पर भव्य समारोह आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (सूचना) अवनीश अवस्थी के अनुसार, समारोहों की रूप-रेखा एक या दो दिन में तैयार हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “विभिन्न योजनाएं लागू करने में राज्य सरकार ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। चाहे सौभाग्य योजना हो, प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना हो, स्वच्छता अभियान हो या शौचालयों का निर्माण। इस मौके पर बड़ा उत्सव होगा।” अवस्थी ने कहा कि योगी सरकार डेंगू, मलेरिया और इंसेफेलाइटिस जैसी महामारियों को रोकने में सफल रही है और पूर्वी उत्तर प्रदेश में इन मामलों में लगभग 65 प्रतिशत तक गिरावट दर्ज की गई है।
अधिकारी ने कहा कि योगी सरकार ने अपराध नियंत्रण तथा संगठित अपराध पर रोक लगाने में भी सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा, “पिछले ढाई साल में राज्य में कोई सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ और सभी पर्व शांतिपूर्वक मनाए गए हैं।” राज्य सरकार ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अपने कार्यक्रमों, प्रयागराज में कुंभ मेला के लिए सफल आयोजन और अयोध्या में दीपोत्सव को भी अपनी उपलब्धि बताया है।
सूत्रों ने कहा कि कार्यक्रमों के अलावा, राज्य सरकार की योजना बुकलेट्स बांटकर और लघु फिल्मों का निर्माण करके अपनी उपलब्धियों के बारे में जागरूकता फैलाने की है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुकलेट्स बांटी जाएंगी और लघु फिल्में एलईडी स्क्रीनों पर प्रदर्शित की जाएंगी।


Download Android App
Download iOS App



