उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सुल्तानपुर जिले के इसौली विधानसभा क्षेत्र में 271 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जिले में 46.33 करोड़ रुपये की लागत की 126 अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
शिलान्यास और लोकार्पण के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास हुआ है, वह दीपावली का उपहार है। उन्होंने कहा कि ‘‘रामराज्य की स्थापना के लिए राम का अयोध्या आगमन हुआ था, इसलिए हम मेडिकल कॉलेज का उपहार देने आए हैं।’’योगी ने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ वर्ष 2004 से 2014 तक की सरकारों का उद्देश्य भारत की आस्था पर प्रहार करना था और 2009 के बाद तो केवल घोटाले, एक परिवार दिल्ली में तो एक परिवार लखनऊ में जनता के पैसे का लाभ लेता था।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा के लिए अपना परिवार ही सब कुछ है, जबकि भाजपा के लिए 25 करोड़ जनता उसका परिवार है।मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार बिना भेदभाव के नौकरी, रोजगार देने का काम कर रही है। केंद्र की 44 योजनाओं में उत्तर प्रदेश अव्वल है।योगी ने कहा कि गरीबों के नाम पर, जाति के नाम पर बांट कर काम करने वाले लोग बेनकाब हुए हैं। देश और प्रदेश को सुरक्षा भाजपा सरकार दे रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि अगले चार महीने भारतीय जनता पार्टी को समर्पित करें।


Download Android App
Download iOS App



