उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक टीचर ने आत्महत्या कर ली है। सृष्टि ने ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर ये कदम उठाया। जान देने से पहले उसने करीब 90 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो अब काफी वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपनी आपबीती बताते हुए नजर आ रही है। इस मामले को लेकर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवंबर 2025 में सृष्टि कंधारी की शादी उत्तराखंड सचिवालय में प्राइवेट सेक्रेटरी के पद पर काम करने वाले सौरभ रतूड़ी से हुई थी। शादी के बाद दोनों देहरादून से करीब 20 किलोमीटर दूर डोईवाला इलाके में रहने लगे थे।
वीडियो में सृष्टि ने क्या बताया?
आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में शुरुआत में 35 सेकंड तक सृष्टि कुछ बोल नहीं पाती, लगातार रोती रहती है। फिर वह कहती है कि ‘सॉरी मम्मी, मैं ऐसे जा रही हूं’, मैं पिछले छह महीने से यह सब सह रही हूं, अब मुझसे और सहन नहीं हो रहा है। उनकी सोच कभी नहीं बदल सकती। आगे उसने कहा कि “शादी के बाद से हुई चीजों के लिए वे मुझे ही दोषी ठहराते रहते हैं और मनहूस कहते हैं।”
पति, सास और ननद के खिलाफ शिकायत दर्ज
पुलिस ने बताया कि बुधवार को सृष्टि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसको लेकर सृष्टि की मां ने पुलिस में ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मां ने आरोप लगाया कि बेटी को दहेज़ के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। इसके अलावा उसके ससुराल वाले उसे बदनसीब और मनहूस कहकर बुलाते हैं। मां द्वारा दायर की गई शिकायत में पति सौरभ रतूड़ी, सास परवीना और ननद चारू का नाम शामिल है। उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न और संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read: हरदोई में पानी की टंकी के पास मिले 2 युवकों के शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका



Download Android App
Download iOS App




