हरदोई में पानी की टंकी के पास मिले 2 युवकों के शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

Summary :

हरदोई के संडीला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तकिया गांव के पास पानी की टंकी से लगभग 500 मीटर दूर सड़क किनारे दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया।

हरदोई के संडीला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। तकिया गांव के पास पानी की टंकी से कुछ ही दूर पर दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। एक युवक का शव कीचड़ में औंधे मुंह गिरा हुआ था दूसरा शव मैदान में पड़ा हुआ था। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया में ये हत्या का मामला लग रहा है।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान कछौना के ग्राम रेसों के रहने वाले अरुण चौरसिया (26) और ग्राम गौहनिया के अभिषेक चौरसिया (27) पुत्र शिवराम चौरसिया के रूप में हुई है। अरुण पानी की टंकी पर हेल्पर का काम करता था और उसके परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। वहीं, अभिषेक आटामऊ स्थित पानी की टंकी पर पिकअप चालक था और वह अविवाहित था।

पानी की टंकी से लगभग 500 मीटर दूर पड़े मिले शव

सुबह करीब साढ़े आठ बजे स्थानीय लोगों ने आटामऊ और तकिया गांव के बीच सड़क किनारे दोनों युवकों के शव देखे। उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। दोनों के शव पानी की टंकी से लगभग 500 मीटर की दूरी पर मिले, जहां वे काम करते थे। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम, सीओ संतोष कुमार सिंह और कोतवाल वीरेंद्र कुमार पंकज मौके पर पहुंचे।

गोली मारकर हत्या की आशंका

पुलिस और फोरेंसिक टीम मिलकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अरुण की आंख के पास गहरे चोट के निशान मिले हैं। शवों को देखकर गोली मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक मौत के कारण की पुष्टि नहीं हो पाई है। मौत का असल कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। हालांकि पुलिस भी इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।

Also Read: दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पिकअप से टकराई कार, मुरथल से लौट रहे 2 दोस्तों की मौत, चार गंभीर रूप से घायल

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।