पटना : बिहार कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता सदानंद सिंह ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से नाता तोड़ने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि श्री सिन्हा के निर्णय से साफ हो गया है कि मोदी सरकार की नीतियों से अब भाजपा के वरिष्ठ नेता भी खफा हैं।
श्री सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों पर वरिष्ठ नेता अब सवाल उठाने और पार्टी से पिण्ड छुड़ने में ही देश की भलाई समझने लगे हैं। श्री सिन्हा का निर्णय यह स्पष्ट करने के लिए काफी है कि केन्द्र की भाजपा सरकार की नीतियां लोकतंत्र के हित में नहीं है 7कांग्रेस के वरीय नेता ने कहा कि संसदीय लोकतंत्र तानाशाही से नहीं चलता है।
यह पार्टी के अन्दर नेताओं से और बाहर जनता से रायशुमारी और संवाद स्थापित कर के चलता है जिसका अभाव भाजपा के अन्दर लगातार देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश धर्मनिरपेक्ष और समाज सहिष्णुता से चलता आया है जिसकी कमी भी भाजपा की वर्तमान सरकार की नीतियों में रही है।
श्री सिंह ने कहा कि देश आज समस्याओं के चौराहा पर खड़ा है। देश के समक्ष उपस्थित चुनौतियों से लड़ने की जो नीति और रीति मोदी सरकार ने अपनायी है, वह विफल साबित हो रही है जिससे आये दिन केंद्र की आलोचनाएं बढ़ती जा रही हैं। अब देश की जनता लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा सरकार को हटाना आवश्यक समझने लगे हैं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



