Washing Scorpio With Diesel: आजकल लोग सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए कुछ भी कर जाते हैं। लेकिन कई बार इनके लिए ये भारी भी पड़ जाता है। ऐसा ही एक मामला राजस्थान के सिरोही जिले के पालड़ी गांव से सामने आया है। जहां एक युवक अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में डीजल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा था। उसने टंकी फुल करने के बाद पंप के नोजल से डीजल निकालकर गाड़ी धोना शुरू कर दिया।
एक तरफ जहां देशभर में तेल संकट छाया हुआ है, दूसरी तरफ ये बेवजह डीजल की बर्बादी कर रहा था। ये न सिर्फ बर्बादी, बल्कि बहुत खतरनाक भी था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
दो आरोपी गिरफ्तार
अपनी इस हरकत का वीडियो बनाकर युवक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो बहुत वायरल हो रही है। वीडियो में आप देख सकते हैं कि युवक बिना किसी डर के बेखौफ होकर डीजल से गाड़ी धो रहा है। लेकिन जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ, मामला पुलिस तक भी पहुंच गया। पालड़ी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। जांच के बाद पता चला कि यह युवक छिबा गांव का रहने वाला महिपाल सिंह है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही वीडियो बनाने वाले कैमरामैन को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है।
एक तरफ़ देश में तेल का संकट बताया जा रहा है।
दूसरी तरफ़ ये साहबजादे DIESEL को पानी समझ कर अपनी गाड़ी धो रहे हैं। pic.twitter.com/dgNnKwcb0J
— Nitin Prajapati (@Prajapat204) April 2, 2026
वायरल होने के लिए किया खतरनाक स्टंट
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि इन युवकों ने सिर्फ अपना शौक पूरा करने और सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए यह खतरनाक स्टंट किया था। लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनकी यह ‘रील’ सीधे उन्हें हवालात पहुंचा देगी।
पुलिस ने दी चेतावनी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इस घटना के बाद साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए इस तरह के काम करना कानूनन गलत है और इससे जान को भी खतरा हो सकता है। यह घटना सिखाती है कि फेमस होने के लिए अपनी और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ करना सही नहीं है। समझदारी से काम करना ही सबसे अच्छा है।
यह भी पढ़ें: बुर्का पहनकर आई ‘लेडी लुटेरी’ का आतंक! पिस्टल दिखाकर लूट ले गई लाखों की ज्वेलरी, CCTV में कैद हुई वारदात






















