Zomato बंद कर दिया क्या? कंपनी ने बदला नाम तो कनफ्यूज हुए लोग

Summary :

नाम बदलने पर Zomato यूजर्स में मची हलचल

सोशल मीडिया पर ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो को लेकर काफी कनफ्यूजन चल रही है। दरअसल, जोमैटो ने हाल में ही में अपना नाम बदलने का फैसला लिया है। जिसके बाद से लोग कंपनी के नाम को लेकर काफी चर्चा कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर मीम्स की बौछार देखने को मिल रही है। इतना ही नहीं, लोग कंपनी से नाम बदलने को लेकर सवाल भी पूछ रहे हैं। एक शख्स ने तो कंपनी से काफी अजीबोगरीब सवाल किया, जिसके बाद उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शख्स ने एक्स (पूर्व ट्वीटर) पर जोमैटो से सवाल किया कि, “जोमैटो बंद कर दिया क्या?” यूजर के इस सवाल पर कंपनी को अपना स्पष्टीकरण तक देना पड़ गया।

कंपनी ने क्या बताया?

Source: @zomato (x)

कंपनी के नाम बदलने को लेकर एक यूजर ने सवाल किया कि, “भाई, ये इटरनल क्या है? जोमैटो बंद कर दिया क्या? मेरा रिफंड पेंडिंग है।”  शख्स के इन सवालों के जवाब में कंपनी ने लिखा, “दोस्तों, इटरनल मूल कंपनी है- ऐप का नाम जोमैटो ही रहेगा।”

कंपनी CEO ने दी थी जानकारी

बीते गुरुवार को जोमैटो कंपनी के CEO दीपिंदर गोयल ने कंपनी के शेयर होल्डर्स को लिखे पत्र के जरिए बताया कि जल्द ही जोमैटो इटरनल लिमिटेड के नाम से जाना जाएगा। कंपनी के बोर्ड ने नाम बदलने की अनुमति दे दी है। लेकिन, फूड डिलीवरी ऐप का नाम जोमैटो ही रहेगा। गोयल द्वारा लिखे अपने पत्र में यह भी बताया गया कि, “सेंसेक्स में जगह बनाने वाला भारत का पहला टेक स्टार्टअप बनना गर्व का क्षण है और साथ ही यह आत्मचिंतन का क्षण भी है, जो अपने साथ जिम्मेदारी की भावना भी लाता है।”

क्या होगा नया नाम?

सोशल मीडिया पर यूजर्स कंपनी के नाम बदलने को लेकर काफी कनफ्यूजन में हैं। ऐसे में आपको बता दें कि, इटरनल लिमिटेड में चार व्यवसाय होंगे – ब्लिंकिट, जोमैटो, डिस्ट्रिक्ट और हाइपरप्योर। एक बार शेयर होल्डर्स द्वारा कंपनी के नाम में बदलाव को मंज़ूरी मिल जाती है, तो कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट zomato.com से eternal.com हो जाएगी, इसके साथ ही स्टॉक टिकर ZOMATO से ETERNAL हो जाएगा।

Khushi Srivastava

खुशी श्रीवास्तव मीडिया इंडस्ट्री में करीब 3 साल का अनुभव रखती हैं। वायरल कंटेंट, लाइफस्टाइल, हेल्थ और वास्तु शास्त्र टिप्स पर प्रमुखता से काम किया है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद पहली बार पत्रकारिता के श्रेत्र में कदम रखा। इसके बाद अमर उजाला प्रिंट (प्रयागराज) में इंटर्नशिप की। फिलहाल खुशी, पंजाब केसरी दिल्ली के डिजिटल प्लैटफॉर्म के लिए कंटेंट राइटिंग का काम करती हैं।