देश के उत्तरी भाग में बंदूकधारियों के हमले में बुर्किना फासो के सुरक्षा बलों के कम से कम 40 सदस्य मारे गए और 33 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
उत्तरी क्षेत्र के महासचिव कौइल्गा अल्बर्ट जोंगो ने एक बयान में कहा कि छह सैनिक और सेना की सहायता करने वाले 34 स्वयंसेवी नागरिक शनिवार अपराह्न ओआहिगौया शहर के पास मारे गए। उन्होंने कहा कि 33 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनकी हालत स्थिर है।
यह हमला अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े संघर्ष-ग्रस्त देश में बढ़ती हिंसा के बीच हुआ है। देश में हमलों की घटनाओं में अब तक हजारों लोग मारे जा चुके हैं और लगभग 20 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं।
इस महीने की शुरुआत में इस्लामिक चरमपंथियों ने देश के उत्तरी भाग में कई हमलों में कम से कम 44 लोगों की जान ले ली थी।


Download Android App
Download iOS App



