बलूचिस्तान के केच, खरान और मस्तुंग के सैन्‍य ठ‍िकानों पर हमले, कई पाकिस्तानी सैनिकों की मौत

Summary :

क्वेटा, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बलूचिस्तान के केच, खरान और मस्तुंग जिलों में पाकिस्तानी सेना के कई काफिलों को निशाना बनाया गया, जिससे कई लोगों के हताहत होने की खबर है। वहीं, डलबंदिन इलाके में हथियारबंद लड़ाकों ने क्वेटा-तफ्तान राजमार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर दिया और एक वाहन को आग के हवाले कर दिया। रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार को केच जिले के नोदुज क्षेत्र में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के दो वाहनों वाले काफिले पर हमला किया। शुरुआती जानकारी में सुरक्षा बलों को नुकसान और हताहतों की बात कही गई है। इसके अलावा, सोमवार को…

क्वेटा, 4 नवंबर (आईएएनएस)। बलूचिस्तान के केच, खरान और मस्तुंग जिलों में पाकिस्तानी सेना के कई काफिलों को निशाना बनाया गया, जिससे कई लोगों के हताहत होने की खबर है। वहीं, डलबंदिन इलाके में हथियारबंद लड़ाकों ने क्वेटा-तफ्तान राजमार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर दिया और एक वाहन को आग के हवाले कर दिया।

रिपोर्टों के अनुसार, बुधवार को केच जिले के नोदुज क्षेत्र में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के दो वाहनों वाले काफिले पर हमला किया। शुरुआती जानकारी में सुरक्षा बलों को नुकसान और हताहतों की बात कही गई है।

इसके अलावा, सोमवार को मस्तुंग में मदीना होटल के पास क्वेटा-कराची मुख्य राजमार्ग पर पाकिस्तानी सेना के एक काफिले पर घात लगाकर हमला किया गया। हालांकि, इस हमले में कितने सैनिक मारे गए या घायल हुए, इसकी तुरंत पुष्टि नहीं हो सकी।

इसी दिन एक और घटना में खरान जिले के जोमी इलाके के पास नौरोज कलात में पाकिस्तानी बलों के एक अन्य काफिले पर भी हमला किया गया।

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को डलबंदिन के पाशुक क्षेत्र में क्वेटा-तफ्तान राजमार्ग पर लड़ाकों ने एक अस्थायी नाका लगाया। बताया गया कि उन्होंने एक वाहन को रोककर उसमें आग लगा दी। अब तक किसी भी संगठन ने इन ताजा हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इससे पहले सप्ताह की शुरुआत में भी बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर कई हमले हुए थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, नुश्की जिले में हथियारबंद लड़ाकों ने सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाया, जबकि खरान में एक सैन्य वाहन विस्फोट की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर नुकसान हुआ।

रिपोर्टों के अनुसार, नुश्की के अहमद वाल क्षेत्र में पैदल और वाहनों से यात्रा कर रहे सुरक्षा कर्मियों पर हमले किए गए। वहीं, खरान में एक सैन्य वाहन के पास विस्फोट हुआ। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इलाके में बिछाई गई बारूदी सुरंगों के कारण सुरक्षा बलों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।

ये घटनाएं खरान के लिजाय क्षेत्र में हुई तीखी झड़पों के एक दिन बाद सामने आईं। रिपोर्टों के मुताबिक, वहां एक सैन्य वाहन विस्फोट की चपेट में आने के बाद आठ पाकिस्तानी सैनिक मारे गए या घायल हो गए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच और भी संघर्ष हुआ। झड़पों के दौरान एक क्वाडकॉप्टर ड्रोन को भी मार गिराए जाने की खबर है।

इसके अलावा, बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट (बीएलएफ) ने दावा किया है कि उसने इस साल अक्टूबर महीने में बलूचिस्तान भर में 25 अभियानों के दौरान 129 से अधिक पाकिस्तानी सैन्य और खुफिया कर्मियों को मारने तथा 30 से ज्यादा लोगों को गंभीर रूप से घायल करने की कार्रवाई की।

रविवार को जारी अपनी मासिक रिपोर्ट में संगठन के प्रवक्ता मेजर ग्वाहराम बलूच ने कहा कि अक्टूबर की कार्रवाइयों में ग्वादर जिले में चलाया गया ‘ऑपरेशन अलमास’ भी शामिल था। संगठन का दावा है कि इस अभियान में 80 से अधिक सैन्य और खुफिया कर्मी मारे गए और कई अन्य घायल हुए।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.