अमेरिका के टेक्सास में एक व्यक्ति ने लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 21 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घटना ओडेसा और उसके पास के मिडलैंड इलाके की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने हमलावर का पीछा किया और सिनर्जी थिएटर में उसे गोली मार दी।
पुलिस ने हमलावर की पहचान तथा उसके नाम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। गोलीबारी की यह घटना स्थानीय समयानुसार शाम तीन बजे की है। स्थानीय मीडिया ने ओडेसा पुलिस विभाग के प्रमुख माइकल गेरके के हवाले से बताया कि हमलावर की उम्र 30 वर्ष के आसपास थी और जब यातायात पुलिस के अधिकारियों ने उसे रोका तो उसने अधिकारी पर गोलियां चलाई और इसके बाद लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
उन्होंने बताया कि हमलावर अपनी कार छोड़ कर भाग गया और उसने अमेरिकी डाक सेवा के एक वाहन पर कब्जा कर लिया और उसी पर से गोलियां चलाता रहा। गेरके ने बताया कि इस घटना में कम से कम पांच लोग मारे गए और 21 लोग घायल हो गए। मिडलैंड पुलिस विभाग ने फेसबुक पोस्ट में कहा, “इस वक्त कोई सक्रिय हमलावर नहीं है। सभी एजेंसियां संदिग्धों के बारे में पता लगा रही हैं। गोलीबारी के दौरान अधिकारियों ने लोगों से सड़कों से हट जाने और बेहद सावधानी बरतने की अपील की।”
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अटॉर्नी जनरल विलियम बार ने उन्हें घटना की जानकारी दी है। ट्रंप ने ट्वीट किया, “एफबीआई और कानून लागू करने वाली एजेंसियां पूरी तरह लगी हुईं हैं।” टैक्सास के गवर्नर ग्रेग एबोट ने इस घटना को मूर्खतापूर्ण और कायराना बताया।


Download Android App
Download iOS App



