अफगानिस्तान के काबुल में आज सुबह हुई विस्फोट की दो घटनाओं में एक पत्रकार समेत कम-से-कम 6 लोगों की मौत हो गयी और 14 घायल हो गये। काबुल एम्बुलेंस सेवा के प्रमुख मोहम्मद असीम के मुताबिक, पहले विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गयी और 11 घायल हो गये। पुलिस अधिकारी जान आगा ने बताया कि पहले विस्फोट के तुरंत बाद दूसरा विस्फोट हुआ। इसमें एक पत्रकार की मौत हो गयी और दो पुलिस अधिकारी घायल हो गये।
काबुल पुलिस के प्रमुख दाऊद अमीन ने बताया कि यहां जिस इलाके में हमले हुए हैं , वहां कई विदेशी कार्यालय हैं। वजीर अकबर खान अस्पताल के निदेशक मोहम्मद मौसा जहीर ने बताया कि विस्फोट में घायल लोगों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है। अभी तक इस हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। इस्लामिक स्टेट समूह के स्थानीय सहयोगी संगठन और तालिबान देशभर में लगातार हमले कर रहे हैं। तालिबान आमतौर पर जहां सरकारी संस्था और सुरक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं , तो वहीं दूसरी ओर आईएस के आतंकी शिया अल्पसंख्यकों को निशाना बना रहे हैं। दोनों समूह अफगानिस्तान में सख्त इस्लामिक कानून स्थापित करना चाहते हैं।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



