अफगानिस्तान में रविवार को हेल्मंद प्रांत में सड़क किनारे हुए एक बम धमाके में एक महिला और दो बच्चों समेत कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, अब तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मदारी नहीं ली है।
हेल्मंद प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता उमर ज्वाक ने कहा कि धमाका वाशेर जिले में हुआ। इस दौरान वाहन में सवार एक अन्य महिला घायल हो गई। हालांकि उन्होंने महिला की हालत और इस बारे में कुछ नहीं बताया कि क्या वह भी परिवार की सदस्य थी। ज्वाक ने हमले के लिये तालिबान के आतंकवादियों को जिम्मेदार बताया है। अफगानिस्तान में हाल ही में हिंसा में बढ़ोतरी देखी गई है।
अधिकतर हमलों की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े स्थानीय समूह ने ली है, जो तालिबान और अफगानिस्तान सरकार दोनों से लड़ रहा है। इससे पहले शनिवार को देश के मानवाधिकार आयोग के दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी जब उनका वाहन राजधानी काबुल में सड़क किनारे रखे बम से टकरा गया था। आयोग की ओर से जारी बयान के अनुसार, मृतकों में दाता संपर्क अधिकारी फातिमा खलील (24) और वाहन चालक जावेद फौलाद (41) शामिल थे। इस हमले की किसी ने जिम्मेदारी नहीं ली।


Download Android App
Download iOS App



