अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निजी वकील माइकल कोहेन के खिलाफ वयस्क फिल्मों की अभिनेत्री स्टॉर्मी डेनियल्स द्वारा दाखिल एक मुकदमे पर एक अमेरिकी अदालत ने 90 दिनों की रोक लगा दी है। ‘बीबीसी’ के अनुसार, न्यायाधीश जेम्स ओटेरो ने कहा कि अगर कोहेन के खिलाफ आपराधिक जांच के दौरान इस मामले की सुनवाई होती है तो उनके संवैधानिक अधिकार खतरे में पड़ सकते हैं।
डेनियल्स 2006 में ट्रंप के साथ बने एक कथित यौन संबंध का खुलासा न करने के लिए हुए एक समझौते को समाप्त करने की मांग कर रही हैं। कोहेन ने कहा था कि वह इस मामले को गोपनीय बनाए रखने के अपने अधिकार के लिए अनुरोध करेंगे।
उन्होंने तर्क दिया कि अदालत में दिए किसी भी बयान से न्यूयॉर्क में उनके व्यापारिक मामलों की आपराधिक जांच प्रभावित हो सकती है।
डेनियल मामले की जांच के तहत एफबीआई ने कोहेन के कार्यालयों पर छापेमारी की थी। एफबीआई को इस दौरान एक समझौते के कागजात मिले, जिनपर अभिनेत्री ने (जिनका वास्तविक नाम स्टेफनी क्लिफोर्ड है) 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से कुछ दिनों पूर्व हस्ताक्षर किए थे। वहीं, कोहेन के वकीलों ने पहले ही अदालत से मामले को तीन महीने तक के लिए टालने का आग्रह किया था।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ


Download Android App
Download iOS App



