South Korea Heatwave Crisis : यूरोप के बाद अब पूर्वी एशिया में हीटवेव का कहर देखने को मिल रहा है। जानकारी हो तो जुलाई के महीने में यूरोप से हीटवेव की खबरें सामने आई थीं जहां अंदेशा जताया गया कि करीबन 10 हजार लोगों की इस चलते मौत हुई। अब हीटवेव का असर साउथ कोरिया में देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि यहां अब तक का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है और कम से कम 19 लोगों की जान जा चुकी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रपति ली जे म्योंग ने इसे नेशनल डिजास्टर घोषित कर दिया है। देश की राजधानी सियोल में इतिहास में पहली बार ‘सिवियर हीट वॉर्निंग’ जारी की गई है। कैबिनेट मीटिंग के दौरान राष्ट्रपति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें और बिजली आपूर्ति तंत्र की जांच करें, क्योंकि एयर कंडीशनर के अत्यधिक इस्तेमाल से पावर डिमांड अचानक बढ़ गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यह असामान्य मौसम लंबे समय तक बना रह सकता है, इसलिए डिजास्टर रिस्पांस सिस्टम में बड़े बदलाव की जरूरत है।
122 सालों में रिकॉर्ड तोड़ तापमान
कोरिया डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन एजेंसी के मुताबिक, मई महीने से लेकर अब तक 2,000 से अधिक लोग हीट-रिलेटेड बीमारियों के इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती हो चुके हैं। रविवार को खुले में काम कर रहे दो बुजुर्गों की मौत हो गई, जिनमें से एक सियोल के पास ग्रीनहाउस में और दूसरा बुसान शहर में अचेत मिला था।
देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। दक्षिण ग्योंगसांग प्रांत के यांगसान शहर में रविवार को पारा 42.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो दक्षिण कोरिया के 122 साल के मौसम इतिहास में सबसे अधिक है। इसके अलावा गोरयोंग में 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि सियोल के एक जिले में पारा 39 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा।
भविष्य की चेतावनी
सियोल और आसपास के ग्योंगगी प्रांत के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे से गंभीर गर्मी की चेतावनी लागू कर दी गई है। सियोल में अगले तीन से चार दिनों तक तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
बता दें कि साउथ कोरिया में 1 जून से एक नया वॉर्निंग सिस्टम शुरू किया गया है। इसके तहत अगर लगातार दो दिनों तक सामान्य चेतावनी जारी रहे और तीसरे दिन महसूस होने वाला तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या वास्तविक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस को पार कर जाए, तो ‘सिवियर हीट वॉर्निंग’ एक्टिवेट कर दी जाती है।
यह भी पढ़ें – FCRA Amendment Bill: भारत में FCRA संशोधन बिल से बौखलाए अमेरिकी सांसद, ईसाइयों पर बताया हमला


Download Android App
Download iOS App




