फ्रांस से आए ‘एयरबस’ के विशेषज्ञों ने पाकिस्तान विमान हादसे की जांच शुरू की

Summary :

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस विमान हादसे की जांच के लिए एयरबस की 11 सदस्यीय टीम तकनीक विशेषज्ञों के दल ने यहां जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे, हवाई यातायात नियंत्रण टावर और राडार नियंत्रण स्टेशन का निरीक्षण किया।

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) विमान हादसे की जांच के लिए एयरबस की 11 सदस्यीय टीम तकनीक विशेषज्ञों के दल ने यहां जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे, हवाई यातायात नियंत्रण टावर और राडार नियंत्रण स्टेशन का निरीक्षण किया।  यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट में दी गई है। विमान हादसे की स्वतंत्र जांच के लिए फ्रांस के तोउलोउस शहर में स्थित एयरबस के कार्यालय से विशेषज्ञों का यह दल सोमवार को पाकिस्तान पहुंचा था। 
एक खबर के अनुसार दल ने जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे का निरीक्षण किया, इसके अलावा उन्होंने हवाई यातायात नियंत्रण टावर और राडार नियंत्रण स्टेशन का भी निरीक्षण किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि विशेषज्ञ उस स्थान का भी निरीक्षण करेंगे जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। माना जा रहा है कि यह दल अपने साथ विमान का ब्लैक बॉक्स ले जाएगा जिसमें विमान का डाटा रिकॉर्ड और कॉकपिट का वॉइस रिकार्डर होता है और इससे विमान हादसे के कारणों का पता लगाने में मदद मिलती है। 
रिपोर्ट में कहा गया है कि 16 घंटे की जांच के बाद यह दल फ्रांस लौट जाएगा। इस बीच पाकिस्तान के उड्डयन अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने दुर्घटना की प्रारंभिक जांच से जुड़े अपने निष्कर्षों को विशेषज्ञों के साथ साझा किया है।  पाकिस्तानी जांच दल करीब तीन माह में अपनी रिपोर्ट पेश कर सकता है। 
एक रिपोर्ट में कहा कि विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों के अवशेषों की शिनाख्त डीएनए जांच से की जा रही है और अब तक 41 लोगों के शव उनके परिजन को सौंपे जा चुके हैं। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस के प्रवक्ता ने कहा,‘‘मारे गए लोगों के परिवार की मदद के लिए पीआईए 24 घंटे आपात प्रतिक्रिया केन्द्र चला रहा है।’’ 
उन्होंने कहा,‘‘पीआईए मारे गए लोगों के परिजन को 10. 10लाख रुपए दे रहा है।’’ गौरतलब है कि गत शुक्रवार को कराची के जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान, मॉडल कॉलोनी के जिन्ना गार्डन में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इसमें 97 लोगों की मौत हो गई थी। 

Desk Team