नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूरी तरह अमेरिका के अर्कांसस में बना पहला ‘तामीर’ इंटरसेप्टर इजरायल को सौंप दिया गया है। यह आयरन डोम में इस्तेमाल होने वाला पहला इंटरसेप्टर है, जिसे अमेरिका में तैयार किया गया है। इसे इजरायल के मिसाइल डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन को सौंपा गया।
इजरायल के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि अमेरिका के अर्कांसस में रेथियॉन-राफेल की फैक्ट्री में तैयार किया गया पहला ‘तामीर’ इंटरसेप्टर इजरायल को सौंप दिया गया है। इसे अमेरिका-इजरायल के साझा रक्षा कार्यक्रम के तहत इजरायल के रक्षा मंत्रालय के रक्षा अनुसंधान और विकास निदेशालय (डीडीआरएंडडी) के तहत आने वाले इजरायल मिसाइल डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन (आईएमडीओ) को सौंपा गया।
मंत्रालय ने बताया कि अर्कांसस के ईस्ट कैमडेन में रेथियॉन-राफेल एरिया प्रोटेक्शन सिस्टम्स (आरटूएस) की फैक्ट्री में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह इंटरसेप्टर सौंपा गया। ‘तामीर’ आयरन डोम एयर और मिसाइल डिफेंस सिस्टम में इस्तेमाल होने वाला इंटरसेप्टर है।
कैमडेन की इस फैक्ट्री को आयरन डोम के लिए ‘तामीर’ इंटरसेप्टर बनाने के मकसद से तैयार किया गया है। आयरन डोम ने हाल के क्षेत्रीय संघर्षों समेत कई तरह के खतरों से इजरायल की रक्षा की है। यह इजरायल के बाहर पहली ऐसी फैक्ट्री है, जहां पूरा तामीर इंटरसेप्टर बनाया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, इस फैक्ट्री को राफेल ने रेथियॉन के साथ मिलकर उनके संयुक्त उपक्रम आरटूएस के जरिए स्थापित किया है। इसका मकसद अमेरिका में तामीर इंटरसेप्टर बनाने की क्षमता विकसित करना है।
इजरायली रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह फैक्ट्री मिसाइल डिफेंस के क्षेत्र में अमेरिका और इजरायल की रणनीतिक साझेदारी को दिखाती है। इससे दोनों देशों की डिफेंस इंडस्ट्री के बीच सहयोग बढ़ने के साथ अमेरिका में नौकरियां पैदा होंगी और अमेरिकी सुरक्षा तथा डिफेंस इंडस्ट्रियल बेस को भी मजबूती मिलेगी।
इजरायल मिसाइल डिफेंस ऑर्गेनाइजेशन के डायरेक्टर मोशे पटेल ने समारोह में कहा, “इजरायल के कई स्तर वाले मिसाइल डिफेंस सिस्टम और खासतौर पर आयरन डोम ने हाल के वर्षों में बार-बार साबित किया है कि कई तरह के खतरों से लोगों की जान बचाने और नुकसान कम करने में इसकी बेहद अहम भूमिका है।”
राफेल के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और एयर एंड मिसाइल डिफेंस डिवीजन के प्रमुख श्लोमो टोएफ ने कहा, “जब हमने आयरन डोम को विकसित करना शुरू किया था, तब बहुत से लोगों ने कहा था कि ऐसा नहीं किया जा सकता। हमारे इंजीनियरों ने उन्हें गलत साबित किया।”
उन्होंने कहा कि पहले ऑपरेशनल इंटरसेप्शन के 15 साल बाद आयरन डोम 10,000 से ज्यादा सफल इंटरसेप्शन कर चुका है और लोगों की जान बचा चुका है। इन सबके केंद्र में तामीर इंटरसेप्टर है।
–आईएएनएस
एवाई/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



