दुनियाभर में कोरोना वायरस से संक्रमितों देश की सूची में दूसरे नंबर पर स्थित ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इस बात की पुष्टि खुद राष्ट्रपति बोलसोनारो ने की है। उन्होंने राजधानी ब्रासीलिया में पत्रकारों से बात करते हुए जांच के नतीजों की पुष्टि की।
बोलसोनारो ने कहा, ”मैं ठीक हूं। मेरी तबीयत सामान्य है। मैं यहां चहलकदमी भी करना चाहता हूं, लेकिन चिकित्सा सलाह के मद्देनजर ऐसा नहीं कर सकता। ” इससे पहले, मार्च में फ्लोरिडा में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद उन्होंने तीन बार कोविड-19 जांच कराई थी, जिसमें उनके वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई थी।
बता दें कि ब्राजील दुनिया में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में दूसरे नंबर पर हैं। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, ब्राजील में कोरोना संक्रमितों की संख्या 16 लाख 23 हजार से ज्यादा है और 65 हजार से अधिक लोगों की इस महामारी की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस वायरस से अब तक देश में 10 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं।
बताते चले कि दुनियाभर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दुनियाभार में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11,662,574 तक पहुंच गई है और 539,048 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक 6,336,732 लोग इस महामारी से ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



