चीन का उभरती तकनीकों के दुरुपयोग पर रोक लगाने का आह्वान

Summary :

बीजिंग, 6 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधिमंडल के अंतरिम चार्ज द’अफेयर सुन लेई ने 5 अगस्त को सुरक्षा परिषद की आतंकवाद विरोधी सार्वजनिक बैठक में उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रभावी प्रबंधन को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने हिंसक आतंकवाद, अलगाववाद और धार्मिक अतिवाद जैसी ‘तीन ताकतों’ को नई तकनीकों के जरिए फैलने और घुसपैठ करने से रोकने का आह्वान किया। सुन लेई ने कहा कि आतंकवादी संगठन इंटरनेट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल प्रचार, भर्ती, वित्तपोषण और हमलों के लिए कर रहे हैं। इससे आतंकवाद विरोधी प्रयासों के सामने नई…

बीजिंग, 6 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र में चीन के स्थायी प्रतिनिधिमंडल के अंतरिम चार्ज द’अफेयर सुन लेई ने 5 अगस्त को सुरक्षा परिषद की आतंकवाद विरोधी सार्वजनिक बैठक में उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रभावी प्रबंधन को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।

उन्होंने हिंसक आतंकवाद, अलगाववाद और धार्मिक अतिवाद जैसी ‘तीन ताकतों’ को नई तकनीकों के जरिए फैलने और घुसपैठ करने से रोकने का आह्वान किया।

सुन लेई ने कहा कि आतंकवादी संगठन इंटरनेट, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन और अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों का इस्तेमाल प्रचार, भर्ती, वित्तपोषण और हमलों के लिए कर रहे हैं। इससे आतंकवाद विरोधी प्रयासों के सामने नई चुनौतियां पैदा हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि चीन संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के उन प्रयासों का समर्थन करता है, जिनका उद्देश्य उभरती प्रौद्योगिकियों के नियमन को मजबूत करना, जोखिमों का बेहतर आकलन करना और प्रभावी नियामक व्यवस्था विकसित करना है।

साथ ही उन्होंने कहा कि नई तकनीकों का इस्तेमाल हिंसक आतंकवाद, अलगाववाद और धार्मिक अतिवाद जैसी ‘तीन ताकतों’ के प्रसार के लिए न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को विकासशील देशों की आतंकवाद विरोधी क्षमताओं को मजबूत करने में सहयोग देना चाहिए।

इसके साथ ही सुन लेई ने कहा कि वैश्विक आतंकवाद की स्थिति अब भी जटिल और गंभीर बनी हुई है। उन्होंने सभी देशों से साझा, व्यापक, सहयोगात्मक और टिकाऊ सुरक्षा की अवधारणा अपनाने, आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता बनाए रखने तथा आतंकवाद विरोधी मुद्दों का राजनीतिकरण या दुरुपयोग करने से बचने की अपील की। उनके अनुसार, केवल एकजुटता और सहयोग के जरिए ही वैश्विक आतंकवाद विरोधी प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

सुन लेई ने कहा कि चीन लगातार वैश्विक सुरक्षा पहल को आगे बढ़ा रहा है और संयुक्त राष्ट्र, शांगहाई सहयोग संगठन, ब्रिक्स सहित विभिन्न बहुपक्षीय मंचों के तहत आतंकवाद विरोधी सहयोग में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि चीन अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ अपने अनुभव साझा करता रहेगा, संबंधित देशों की आतंकवाद विरोधी क्षमता बढ़ाने में सहयोग देगा और सभी प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ मिलकर निर्णायक कार्रवाई करने के लिए तैयार है।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.