बीजिंग/इस्लामाबाद : चीन ने पाकिस्तान की नौसेना के लिए बनाए जा रहे चार आधुनिक युद्धपोतों में से पहले युद्धपोत का रविवार को शंघाई में हुडोंग झोंगझुआ शिपयार्ड में जलावतरण किया। पाकिस्तान की सरकार संचालित समाचार एजेंसी एपीपी ने कहा कि टाइप-054 श्रेणी फ्रिगेट के पहले पोत के जलावतरण के साथ ही पाकिस्तान-चीन रक्षा संबंधों में एक नया अध्याय लिख गया है। इसने कहा कि यह पोत आधुनिक सतह, उप-सतह, हवाई अस्त्र रोधी युद्धक प्रबंधन प्रणाली से लैस है।
पाकिस्तान ने इसके लिए 2017 में चाइना शिपबिल्डिंग ट्रेडिंग कंपनी लिमिटेड के साथ एक करार पर हस्ताक्षर किए थे। करार के स्वरूप और पोतों की कीमत का खुलासा नहीं किया गया था। पाकिस्तान की नौसेना के लिए चीन इस तरह के चार युद्धपोत बना रहा है जिनमें से पहले पोत का जलावतरण ऐसे समय हुआ है जब चीन के विदेश मंत्री वांग यी और पाकिस्तान के उनके समकक्ष शाह महमूद कुरैशी के बीच 21 अगस्त को चीन के हैनान रिजॉर्ट में वार्ता हुई है ।
इस बीच, इस्लामाद में कुरैशी ने सोमवार को कहा कि चीन और पाकिस्तान रणनीतिक साझेदार हैं। पाकिस्तान और चीन के बीच सहयोगपूर्ण संबंध 60 अरब डॉलर की महत्वाकांक्षी चीन-पाकिस्तान आर्थिक कॉरिडोर परियोजना पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब हैं। उल्लेखनीय है कि भारत इस परियोजना का विरोध करता रहा है क्योंकि यह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से होकर गुजरती है।


Download Android App
Download iOS App



