कोरोना वायरस साम्यवादी चीन का सबसे बड़ा स्वास्थ्य आपातकाल : शी चिनफिंग

Summary :

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस देश का सबसे बड़ा जन स्वास्थ्य आपातकाल है। कोरोना वायरस से चीन में अबतक 2,442 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 77 हजार लोग इससे संक्रमित हैं।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने रविवार को कहा कि कोरोना वायरस देश का सबसे बड़ा जन स्वास्थ्य आपातकाल है। कोरोना वायरस से चीन में अबतक 2,442 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 77 हजार लोग इससे संक्रमित हैं। 
शी ने कोविड-19 प्रकोप की रोकथाम और नियंत्रण के लिये प्रयास दोगुने करने को लेकर बुलाई गई बैठक में कहा, ”यह तेजी से और दूर तक फैलने वाला वायरस है और इस पर नियंत्रण पाना व इसे रोकना बहुत मुश्किल काम है।” 
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई बैठक की अध्यक्षता चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग ने की। सरकारी प्रसारक सीसीटीवी की खबर के अनुसार शी ने कहा, ”यह हमारे लिये संकट की घड़ी है और यह बड़ी परीक्षा है।” 
उन्होंने कोरोना वायरस को देश का सबसे बड़ा जन स्वास्थ्य आपातकाल करार दिया। शी ने कहा कि महामारी से ”निश्चित रूप से अर्थव्यवस्था और समाज पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा” 
हालांकि उन्होंने कहा कि ये प्रभाव ”अल्पकालिक” और नियंत्रित करने योग्य होंगे। कोरोना वायरस से सबसे अधिक प्रभावित वुहान शहर में स्वास्थ्य अधिकारियों ने वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों को 14 दिन तक अलग रखने को कहा है। 
अधिकारियों ने रविवार को कहा कि चीन में कोरोना वायरस से 97 और लोगों की मौत हो गई है, जिसके मृतकों की संख्या बढ़कर 2,442 हो गई। 

Shera Rajput