स्पेन में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 7937 मामले सामने आये और 738 संक्रमितों की मौत हो गयी है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के कुल 47610 मामले सामने आये हैं और 3434 लोगों की मौत हो चुकी है। स्पेन के स्वास्थ्य, उपभोक्ता मामलों और सामाजिक सेवा मंत्रालय द्वारा प्रकाशित दैनिक आंकड़ से यह भी पता चला है कि देश भर में 3166 लोग गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती हैं।
कोरोना वायरस के बुधवार को आये नये मामलों के साथ स्पेन ने अब चीन, इटली और अमेरिका के बाद दुनिया का चौथा सबसे अधिक संक्रमण वाला देश बन गया है। देश में आज हालांकि कोरोना से उबरने वालों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। स्पेन की राजधानी मैड्रिड देश का सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र है जहां मंगलवार के 12352 की तुलना में बुधवार को संक्रमितों की संख्या 14597 हो गयी।
इस बीच, स्पेनिश राष्ट्रीय पुलिस और सिविल गार्ड ने पुष्टि की है कि उन्होंने स्पेन की सरकार द्वारा 14 मार्च को ‘स्टेट ऑफ अलार्म’ के दौरान लागू किये गये नियमों को तोड़ने के लिए 929 गिरफ्तारियां की और 100,000 से अधिक लोगों पर जुर्माना लगाया।
स्टेट ऑफ अलार्म के दौरान स्पेन में एक वर्चुअल लॉकडाउन लगाया गया था जिसमें लोगों को अपने घर से बाहर केवल उसी स्थिति में काम करने की अनुमति दी गई थी यदि वे घर से काम करने में असमर्थ हों। इसके अलावा आवश्यक सामान खरीदने, फार्मेसी जाने या बुजुर्गों अथवा कमजोर लोगों की देखभाल करने के लिए भी बाहर निकलने की अनुमति दी थी।
गौरतलब है कि खतरनाक कोरोना वायरस से विश्वभर में अब तक 18,589 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 4,14,884 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



