पाकिस्तान के कराची शहर में एक प्रभावशाली सुन्नी मौलाना और उसके वाहन चालक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। ‘डॉन’ न्यूज ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से खबर दी कि कराची के जामिया फारूकिया मदरसे के प्रमुख मौलाना डॉक्टर आदिल खान को शनिवार को कथित तौर पर निशाना बनाकर हमला किया गया।
पुलिस के बयान के अनुसार खान को ले जा रही कार जब शाह फैसल कॉलोनी में एक शॉपिंग सेंटर के निकट रुकी, तो दोपहिया वाहन पर सवार बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फरार हो गए।

खान शाह फैसल कॉलोनी में स्थित मदरसे जामिया फारूकिया के संस्थापक मशहूर विद्वान मौलाना सलीमुल्ला खान के बेटे थे। जामिया फारूकिया देवबंदी पंथ की सुन्नी मुस्लिम शिक्षाओं का अनुसरण करता है।
‘डॉन’ ने अस्पताल की प्रवक्ता अंजुम रिजवी के हवाले से कहा कि खान को लियाकत नेशनल अस्पताल में ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उनके वाहन चालक को जिन्ना पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।


Download Android App
Download iOS App


