दुबई : दुबई में भी भारतीय मूल के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 58 सदस्यीय मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह को टेलीविजन पर लाइव देखा।
इस मौके पर भगवा कपड़े पहने भारतीय मूल के लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए हुए थे और उनकी प्रसन्नता साफ झलक रही थी।
दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत विपुल के साथ समुदाय के करीब 100 सदस्यों ने समारोह का बृहस्पतिवार को सीधा प्रसारण देखा। इसके लिए भारतीय वाणिज्य दूतावास और इंडिया क्लब द्वारा एक विशाल स्क्रीन लगायी गयी थी।
संयुक्त अरब अमीरात में भारतीय राजदूत नवदीप सिंह सूरी ने कहा कि अगस्त 2015 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यूएई की यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में वास्तविक परिवर्तन आया है। हमारे प्रधानमंत्री और अबु धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद के बीच पिछले चार साल में घनिष्ठ मित्रता अच्छी तरह से ज्ञात है।
विपुल ने कहा कि यह समारोह लंबी और सफल चुनावी प्रक्रिया की परिणति है।
गल्फ न्यूज के अनुसार उन्होंने कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत को दर्शाता है और इसलिए लोग शपथ ग्रहण समारोह को देखने के लिए एकत्र हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



