वाशिंगटन : अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार रह चुकीं हिलेरी क्लिंटन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एजेंडे के खिलाफ लडऩे और पांच अहम प्रगतिशील समूहों के लिए फंड एकत्र करने के मकसद से एक नए राजनीतिक कार्य समूह का गठन किया है।
पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी ने अपने समूह ‘ऑनवर्ड टुगेदर’ के गठन की घोषणा करते हुए कहा, ”मेरा यह मानना है कि मजबूत एवं जीवंत लोकतंत्र के लिए हर स्तर पर नागरिकों का शामिल होना सबसे अहम है।” उन्होंने कहा, ”मेरा अब पहले से भी अधिक मानना है कि हमारे लोकतंत्र के लिए नागरिकों को भी अपने साथ जोडऩा अहम है। मैं इस बात से बहुत प्रोत्साहित हंू कि हर कोई संगठित होने और नेतृत्व करने के लिए कदम आगे बढ़ा रहा है।” हिलेरी ने अपने समर्थकों से राजनीतिक सक्रियता की ”अनूठी” भावना में योगदान देने की अपील की।
यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब हिलेरी बदलते राजनीतिक परिदृश्य में अपनी नई भूमिका तलाशने की दिशा में काम कर रही हैं। नए समूह की वेबसाइट में कहा गया है कि इसका लक्ष्य प्रगतिशील मूल्यों को बढ़ावा देना है। इसमें बताया गया है कि हिलेरी ने नवंबर में हुए चुनाव में ट्रंप से मुकाबला करते हुए करीब छह करोड़ 60 लाख मत जीते थे।
(भाषा)


Download Android App
Download iOS App



