जकार्ता, 17 अगस्त (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा (एनटीटी) प्रांत में शनिवार को 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। इसमें मरने वालों की संख्या बढ़कर 54 हो गई है। देश की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (बीएनपीबी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
देश की राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (बीएनपीबी) प्रमुख सुहारयांतो ने बताया कि प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। अधिकारी लगातार जान-माल के नुकसान का आकलन कर रहे हैं, जबकि बचाव दल घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। भूकंप में सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
रविवार तक 12,000 से अधिक लोग अपने घरों से विस्थापित हो चुके थे। भूकंप से बड़ी संख्या में मकानों के साथ सार्वजनिक सुविधाओं को भी नुकसान पहुंचा है। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में भूकंप के बाद के झटके लगातार महसूस किए जा रहे हैं।
दूरदराज के इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए थल, जल और हवाई परिवहन के साधनों को लगाया गया है। राहत अभियान में 11 विमान और हेलीकॉप्टर भी शामिल हैं। सिका रीजेंसी के पालेउ द्वीप जैसे दुर्गम इलाकों में विशेष रूप से राहत पहुंचाई जा रही है।
भूकंप के कारण मंगगराई क्षेत्रीय अस्पताल को नुकसान पहुंचा है, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं। इसके मद्देनजर गोलो दुकाल स्टेडियम में एक फील्ड अस्पताल तैयार किया जा रहा है।
इस बीच, पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत की सरकार ने 15 से 28 अगस्त तक 14 दिनों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया स्थिति घोषित की है। प्रांतीय सरकार के एक आदेश के अनुसार, यह कदम राहत एवं बचाव कार्यों, लोगों की निकासी, सहायता सामग्री के वितरण और प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास को तेजी देने के लिए उठाया गया है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भूकंप से 914 मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि 126 मकानों को मध्यम और 317 को मामूली नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 93 शैक्षणिक संस्थानों, 36 स्वास्थ्य केंद्रों और 38 सरकारी कार्यालयों को भी नुकसान हुआ है।
प्रांतीय गवर्नर मेल्की लाका लेना ने बताया कि कुछ सड़कें भूस्खलन के कारण कट गई हैं या मलबे से अवरुद्ध हो गई हैं। भूकंप के बाद प्रांत में कई उड़ानें भी रद्द करनी पड़ीं।
भूकंप का केंद्र नगेकेओ रीजेंसी के म्बाय शहर से करीब 30 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में 15 किलोमीटर की गहराई पर था। शनिवार तड़के आए इस भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी ने वापस ले लिया।
प्रभावित क्षेत्रों में बचाव दल अब भी मलबे की जांच, घायलों की मदद और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)



Download Android App
Download iOS App



