अहमदाबाद, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के भारतीय पायलट स्मित मच्छार की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि देश और राज्य को उन पर गर्व है।
मूल रूप से गुजराती स्मित मच्छार पर दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में को-पायलट ने उड़ान के दौरान हमला किया था। चाकू से हुए हमले में घायल होने के बावजूद स्मित मच्छार ने यात्रियों और क्रू के साथ-साथ विमान को सुरक्षित रखा। विमान में अधिकतर इजरायली नागरिक थे, जिन्होंने को-पायलट को पकड़ा और बाद में तबूक एयरपोर्ट पर विमान को सुरक्षित उतारा गया।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “गुजरात और पूरे देश को बहुत गर्व है। आसमान में कैप्टन स्मित मच्छार ने जो अदम्य साहस और वीरता दिखाई, वह सचमुच कल्पना से परे है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का मुकाबला किया, एक बड़ी त्रासदी को टाला और 174 यात्रियों की जान बचाई।”
सीएम पटेल ने आगे लिखा, “वे एक गौरवान्वित भारतीय हैं और उनकी रगों में गुजराती खून दौड़ता है, जो हमारी दृढ़ता और साहस का सच्चा प्रतीक है। गुजराती मूल के इस बहादुर सपूत ने वैश्विक मंच पर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मैं उनकी असाधारण वीरता को सलाम करता हूं और उनके जल्द और पूरी तरह से ठीक होने की कामना करता हूं।”
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पायलट स्मित मच्छार की तारीफ की और उन्हें ‘हीरो’ बताया।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “पायलट स्मित मच्छार एक हीरो हैं। बेहद गंभीर खतरे के बीच और खुद बुरी तरह घायल होने के बावजूद उन्होंने जबरदस्त हिम्मत दिखाई और दूसरों की जान बचाने के अपने इरादे से पीछे नहीं हटे। उनकी बहादुरी की वजह से सैकड़ों लोगों की जान बचाई जा सकी और एक बड़ी त्रासदी टल गई।”
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। उनके जल्द ठीक होने, फिर से पूरी ताकत हासिल करने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



