नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के बढ़ते डीप-टेक और इनोवेशन इकोसिस्टम की सराहना की। उन्होंने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन’ का दौरा ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ किया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “भारत से नवाचार, दुनिया के लिए समाधान! मैंने ब्रिक्स देशों के नेताओं के साथ भारत इनोवेट्स का दौरा किया। हमारे युवाओं की ऊर्जा और समर्पण पर गर्व है।”
इस दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और अन्य ब्रिक्स नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रदर्शनी देखी।
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले शुक्रवार को भारत मंडपम में दो दिन का ‘भारत इनोवेट्स एक्सपोजिशन’ शुरू हुआ। इसमें भारत की डीप-टेक क्षेत्र की नई और उन्नत तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
इस प्रदर्शनी का आयोजन शिक्षा मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय के सहयोग से किया है। यह शिक्षा मंत्रालय का एक राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य भारत के उच्च शिक्षा संस्थानों से निकलने वाले नवाचारों को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाना है।
इस पहल का मकसद भारत के इनोवेशन नेटवर्क को दुनिया भर के कॉरपोरेट्स, निवेशकों, इनक्यूबेटर्स, विश्वविद्यालयों, रिसर्च संस्थानों, सरकारों और विदेशों में रहने वाले भारतीय पूर्व छात्रों से जोड़ना है। इनमें स्टार्टअप, विश्वविद्यालय, लैब, रिसर्च पार्क और अन्य संस्थान शामिल हैं। इससे लंबे समय तक सहयोग और साझेदारी को बढ़ावा मिलेगा।
ब्रिक्स भारत इनोवेट्स (बीबीआई) एक्सपोजिशन वर्ष 2026 में भारत के डीप-टेक स्टार्टअप्स की दूसरी बड़ी प्रदर्शनी है। इससे पहले पहली भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी 14 से 16 जून 2026 के बीच फ्रांस के नीस शहर में आयोजित हुई थी।
इस बार बीबीआई में 37 भारतीय डीप-टेक स्टार्टअप्स भाग ले रहे हैं। ये उन 120 स्टार्टअप्स के समूह से चुने गए हैं जिन्होंने नीस में आयोजित भारत इनोवेट्स 2026 में हिस्सा लिया था। यह प्रदर्शनी भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के लिए निर्माण’ के अनुरूप है।
इस बीच, शनिवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ब्रिक्स नेताओं के सम्मान में आयोजित भव्य रात्रिभोज (गाला डिनर) के लिए कई देशों के नेता और प्रतिनिधि भारत मंडपम पहुंचे।
इस कार्यक्रम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
शाम का मुख्य आकर्षण एक विशेष वीगन गाला डिनर था। इस मेन्यू को भारत की विविध खान-पान परंपराओं को दिखाने के लिए तैयार किया गया था। साथ ही इसमें पर्यावरण संरक्षण, सबको साथ लेकर चलने की सोच और जिम्मेदार मेहमाननवाजी को भी ध्यान में रखा गया।
कार्यक्रम में “नवरसा – साझा भावनाओं का ब्रह्मांड” नाम की एक विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति भी हुई।
एक और खास आकर्षण ब्रिक्स सिम्फनी “वन रिदम, मेनी कल्चर्स” रही, जिसमें ब्रिक्स देशों और उनके साझेदार देशों के संगीतकारों ने मिलकर प्रस्तुति दी।
अलग-अलग देशों की संगीत परंपराओं और वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल करते हुए इस सिम्फनी ने एक साझा कलात्मक प्रस्तुति पेश की, जो ब्रिक्स परिवार की सांस्कृतिक विविधता और एकता की भावना को दर्शाती है।
–आईएएनएस
एवाई/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



