भारत दौरे के बाद तेहरान रवाना हुए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, पीएम मोदी से जल्द मुलाकात की जताई उम्मीद

Summary :

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन रविवार को तेहरान के लिए रवाना हो गए। भारत में ईरानी दूतावास ने इसकी जानकारी दी। ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ”ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन नई दिल्ली से तेहरान के लिए रवाना हो गए हैं।” दूतावास ने उनके प्रस्थान की एक फोटो भी साझा की। भारत से रवाना होने से पहले राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने कहा कि वह जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईरान में मुलाकात…

नई दिल्ली, 13 सितंबर (आईएएनएस)। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन रविवार को तेहरान के लिए रवाना हो गए। भारत में ईरानी दूतावास ने इसकी जानकारी दी।

ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ”ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन नई दिल्ली से तेहरान के लिए रवाना हो गए हैं।” दूतावास ने उनके प्रस्थान की एक फोटो भी साझा की।

भारत से रवाना होने से पहले राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने कहा कि वह जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ईरान में मुलाकात की उम्मीद करते हैं।

ईरानी दूतावास ने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पेजेश्कियन की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ”अलविदा, मेरे प्रिय मित्र। मैं बहुत जल्द ईरान में आपसे मुलाकात की प्रतीक्षा कर रहा हूं।”

राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की थी।

इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने ईरानी समकक्ष के साथ बातचीत में संवाद और कूटनीति के माध्यम से स्थायी शांति स्थापित करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

राष्ट्रपति सचिवालय ने एक्स पर कहा कि दोनों नेताओं ने भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों, सांस्कृतिक जुड़ाव और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर चर्चा की। राष्ट्रपति मुर्मू ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी संवाद और कूटनीतिक प्रयासों के माध्यम से स्थायी शांति की आवश्यकता पर जोर दिया।

इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर राष्ट्रपति पेजेश्कियन से मुलाकात की थी। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और ईरान को दीर्घकालिक तथा दोनों देशों के लिए लाभकारी रणनीति के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति पेजेश्कियन की यह यात्रा विशेष है क्योंकि यह उनकी भारत की पहली यात्रा है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा, ”बिश्केक से दिल्ली तक सार्थक संवाद जारी है। ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात कर खुशी हुई। उनकी यह यात्रा और भी खास है क्योंकि यह उनकी भारत की पहली यात्रा है।”

उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-ईरान मित्रता को और मजबूत करने पर चर्चा की तथा दीर्घकालिक और पारस्परिक लाभ वाली रणनीति के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई। बैठक में क्षेत्रीय परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श हुआ और भारत ने एक बार फिर स्थायी शांति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.